Home / News / महावीर जुलूस को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की पीस कमेटी की बैठक

महावीर जुलूस को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की पीस कमेटी की बैठक

16 जुलाई के महावीर जुलूस को शांतिपूर्ण बनाने पर प्रशासन का जोर

महावीर जुलूस पर डीएम का निर्देश—परंपरा के अनुसार निकले जुलूस, देर रात तक न रहे आयोजन

(रिपोर्ट- नेहाल अख्तर)
(Express news bharat)
(जिला संवाददता बलिया)

बलिया। आगामी 16 जुलाई को आयोजित होने वाले महावीर जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को थाना कोतवाली सिकंदरपुर परिसर में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि महावीर जुलूस परंपरागत तरीके से निकाला जाए तथा सभी लोग अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जुलूस देर रात तक न निकाला जाए और पुरानी परंपराओं एवं निर्धारित मार्ग का पालन किया जाए।
जिलाधिकारी ने जुलूस आयोजकों से आपसी समन्वय बनाकर जुलूस निकालने का समय निर्धारित करने तथा इसकी सूचना समय रहते प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा सके। उन्होंने कहा कि सिकंदरपुर की लगभग 50 हजार की आबादी आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल रही है, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान प्रशासन ने महावीर जुलूस से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर उपस्थित लोगों से सुझाव भी लिए। गणमान्य नागरिकों ने भी शांतिपूर्ण आयोजन के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर प्रशासन ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने विश्वास जताया कि सभी वर्गों के सहयोग से महावीर जुलूस शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now