लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सिन्हा ने रेलकर्मियों को नियमों के पालन और जवाबदेही के प्रति किया जागरूक
समस्तीपुर । सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत समस्तीपुर रेल मंडल में विशेष बैठक आयोजित कर रेलकर्मियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के प्रति जागरूक किया गया। बैठक में भ्रष्टाचारमुक्त कार्य-संस्कृति को मजबूत बनाने और निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के पालन पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के मुख्य अतिथि पूर्व मध्य रेल मुख्यालय से आए वरिष्ठ उप महाप्रबंधक सह मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सिन्हा थे। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने की। इस दौरान सभी उप मुख्य सतर्कता अधिकारी, अपर मंडल रेल प्रबंधक सन्नी सिन्हा, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी विवेक कुमार सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी और रेलकर्मी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सिन्हा ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य रेलकर्मियों में सत्यनिष्ठा और नैतिक आचरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता से करना चाहिए तथा सभी कार्य निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुरूप संपन्न करने चाहिए।
उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने, निर्णयों का उचित दस्तावेजीकरण करने और प्रक्रियाओं का पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही, विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से प्रक्रियागत त्रुटियों से बचने और जवाबदेही सुनिश्चित करने के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।
वहीं, मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि सत्यनिष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा किसी भी संगठन की कार्यकुशलता एवं उत्पादकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने रेलकर्मियों से अपने दैनिक कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी को प्राथमिकता देने की अपील की।
गौरतलब है कि देशभर में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है। बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों से किसी भी प्रकार की अनियमितता के प्रति सजग रहने तथा नियमसम्मत कार्यप्रणाली अपनाकर भ्रष्टाचारमुक्त और जनहितकारी रेल व्यवस्था के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।










