झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
भारत आदिवासी पार्टी के केंद्रीय एकीकरण समिति के अनुमोदन एवं निर्देशन उपरांत ग्राम बाघेर, तहसील खानपुर, जिला झालावाड़ निवासी सत्य नारायण चौहान को भारत आदिवासी पार्टी, राजस्थान का प्रदेश सदस्य नियुक्त किया गया है। पार्टी द्वारा यह जिम्मेदारी संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, समर्पण एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए सौंपी गई है।
प्रदेश सदस्य बनाए जाने पर सत्य नारायण चौहान ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन लाल रोत, संस्थापक एवं बांसवाड़ा–डूंगरपुर सांसद राजकुमार रोत, राष्ट्रीय सदस्य कांति भाई रोत, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष हरिलाल गोदा, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव जितेन्द्र अलश्कर तथा प्रदेश अध्यक्ष रमेश मईड़ा का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
सत्य नारायण चौहान ने कहा कि वे पार्टी की विचारधारा, संविधान, संगठनात्मक अनुशासन एवं जनप्रतिनिधि चयन प्रणाली का पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ पालन करेंगे। वे प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने, आदिवासी समाज सहित वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों की आवाज़ को मजबूती देने तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत आदिवासी पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन, संविधान, सामाजिक न्याय और आदिवासी स्वाभिमान की आवाज़ है। संगठन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा पार्टी को राजस्थान के प्रत्येक गाँव, ढाणी और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
प्रदेश सदस्य बनाए जाने पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने सत्य नारायण चौहान को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व और सक्रिय कार्यशैली से संगठन को नई ऊर्जा एवं मजबूती मिलेगी






