Home / News / 15 दिनों से अंधेरे में गांव, बिजली के लिए ग्रामीणों सहित महिलाओ ने खोला मोर्चा

15 दिनों से अंधेरे में गांव, बिजली के लिए ग्रामीणों सहित महिलाओ ने खोला मोर्चा

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
— बरपाली बिजली कार्यालय के बाहर धरने पर बैठीं
कोरबा//कोरबा जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत पहंदा के एक आश्रित गांव सराईडीह में पिछले 15 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों का सब्र टूट गया।

आज सुबह बुधवार को गांव की करीब 15 महिलाएं बरपाली स्थित बिजली विभाग कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गईं। महिलाओं का कहना है कि जब तक उनके गांव में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जाती, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगी। उनका आरोप है कि विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद अधिकारियों ने समस्या के समाधान में कोई गंभीरता नहीं दिखाई।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बरपाली ग्राम पंचायत के डोंगरिभाटा गांव के ग्रामीण भी लंबे समय तक बिजली संकट से जूझ रहे थे। उस समय भी ग्रामीणों को अपनी मांग मनवाने के लिए धरना-प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ा था।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर शिकायतों का निराकरण किया जाए तो लोगों को सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की नौबत नहीं आए।

अब सभी की निगाहें बिजली विभाग पर टिकी हैं कि विभाग कब तक इस समस्या का स्थायी समाधान करता है और धरने पर बैठी महिलाओं को राहत मिलती है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now