इंडोनेशिया में समुद्री यात्रा के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। 240 से ज्यादा यात्रियों को लेकर जा रहे एक यात्री जहाज से अचानक संपर्क टूट गया। घटना के बाद इंडोनेशियाई प्रशासन ने बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक Virgo Transport 8 नाम का यह जहाज पूर्वी जावा के सुराबाया से दक्षिण कालीमंतन के बंजारमासिन की ओर जा रहा था। जहाज के मैनिफेस्ट के अनुसार उस पर करीब 241 लोग सवार थे। जावा सागर में यात्रा के दौरान जहाज से संपर्क टूट गया।
बताया जा रहा है कि जहाज के ऑपरेटर को खराब मौसम के बीच पोत के संपर्क से बाहर होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद बंजारमासिन के सर्च एंड रेस्क्यू अधिकारियों को सूचना दी गई।
अधिकारियों के मुताबिक जहाज की आखिरी लोकेशन बंजारमासिन के एक बंदरगाह से करीब 148 किलोमीटर दूर जावा सागर में बताई गई है। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दलों को संभावित क्षेत्र में भेजा गया।
फिलहाल जहाज और उसमें सवार सभी लोगों की स्थिति का पता लगाने के लिए समुद्री क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों की नजर मौसम की स्थिति पर भी बनी हुई है।
इस घटना में अब तक किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बचाव एजेंसियां जहाज का पता लगाने और उसमें सवार लोगों की सुरक्षित स्थिति की जानकारी जुटाने में लगी हैं।
इंडोनेशिया में 240 से ज्यादा यात्रियों वाला जहाज लापता, जावा सागर में सर्च ऑपरेशन जारी….






