Home / News / युवक की करंट लगने से मौत

युवक की करंट लगने से मौत

बखरी, बेगूसराय बेगूसराय जिले के बखरी प्रखंड अंतर्गत चकचनरपत पंचायत के वार्ड संख्या 5 में एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रामनंदन राय, पिता बिनो राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घर के किसी कार्य में जुटे हुए थे, तभी दीवार से लटक रही नंगी तार ने उनकी जिंदगी छीन ली। करंट लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बखरी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
रामनंदन राय तीन भाइयों में मंझले थे और हाल ही में बाहर से अपने गांव लौटे थे। महज दस दिन पहले ही वे पिता बने थे, जिससे घर में खुशी का माहौल था। लेकिन इस हृदयविदारक हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। उनकी पत्नी नेहा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि रामनंदन न केवल परिवार का सबसे जिम्मेदार सदस्य थे, बल्कि सभी के प्रिय भी थे। उनकी शादी पिछले वर्ष ही हुई थी। गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now