Home / News / कोरबा के हर स्कूल में बनेगा ‘प्रहरी क्लब’, नशे के खिलाफ जागरूकता की कमान संभालेंगे विद्यार्थी

कोरबा के हर स्कूल में बनेगा ‘प्रहरी क्लब’, नशे के खिलाफ जागरूकता की कमान संभालेंगे विद्यार्थी

जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन का सख्त निर्देश – विद्यालयों में चलेगा नशामुक्ति अभियान, रैली, शपथ और प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों को किया जाएगा जागरूक

कोरबा, 21 नवंबर 2026। विद्यार्थियों को नशे की गिरफ्त से दूर रखने और विद्यालयों में सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करने के लिए कोरबा जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब जिले के प्रत्येक विद्यालय में ‘प्रहरी क्लब’ का गठन किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को तंबाकू, गुटखा और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही नशामुक्त विद्यालय अभियान को नियमित रूप से संचालित किया जाएगा।

इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री प्रतीक जैन की अध्यक्षता में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, आबकारी तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री टी.पी. उपाध्याय, जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।

विद्यालयों में बनेगा प्रहरी क्लब, शिक्षकों को मिली जिम्मेदारी

बैठक में सीईओ श्री प्रतीक जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय में प्रहरी क्लब गठित कर बच्चों को नशे के खिलाफ जागरूक करने की गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जाएं। शिक्षक विद्यार्थियों से लगातार संवाद स्थापित करें और उन्हें समझाएं कि नशे की लत न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि शिक्षा, भविष्य और पारिवारिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है।

उन्होंने अभियान में पालकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि बच्चों को विद्यालय के साथ-साथ घर और समाज में भी नशामुक्त वातावरण मिल सके।

पांच विभाग मिलकर संभालेंगे जिम्मेदारी

संयुक्त बैठक में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने दायित्वों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने तंबाकू नियंत्रण से संबंधित कोटपा अधिनियम तथा बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने वाले पॉक्सो अधिनियम के बारे में बताया। आबकारी विभाग ने नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के उपायों की जानकारी दी।

वहीं स्वास्थ्य विभाग ने नशे से होने वाली शारीरिक और मानसिक बीमारियों के दुष्परिणाम समझाए। पुलिस विभाग एवं साइबर सेल ने बच्चों की सुरक्षा, मोबाइल के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

रैली, शपथ और पोस्टर प्रतियोगिता से जागरूक होंगे विद्यार्थी

सीईओ श्री जैन ने विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया कि स्कूल परिसर और आसपास तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन तथा बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाए। विद्यार्थियों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए रैली, नशामुक्ति शपथ, पोस्टर निर्माण, भाषण प्रतियोगिता और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी समस्याएं खुलकर रखने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में शिक्षक या पालकों से सहायता मांगने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखना अभियान का मुख्य उद्देश्य

बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि नशे के विरुद्ध जागरूकता केवल एक दिन का कार्यक्रम बनकर न रह जाए, बल्कि विद्यालयों में लगातार चलने वाली गतिविधि बने। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे से दूर रखना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।
अशोक कुमार श्रीवास की खास रिपोर्ट कोरबा से

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now