Home / Events / मजदूरी बढ़ाने की मांग पर बहुराष्ट्रीय कंपनी के श्रमिकों का प्रदर्शन

मजदूरी बढ़ाने की मांग पर बहुराष्ट्रीय कंपनी के श्रमिकों का प्रदर्शन

(दीपक यादव हमीरपुर उत्तर प्रदेश)

(हमीरपुर )नोएडा के बाद अब सुमेरपुर कस्बे की उद्योग नगरी में संचालित बहुराष्ट्रीय कंपनी के श्रमिकों ने मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार करके जमकर हंगामा किया। ज्यादातर श्रमिक ठेकेदारों के अधीन कार्य करते हैं। श्रमिकों का आरोप है कि उनके साथ ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं और शासन द्वारा तय की गई न्यूनतम मजदूरी से भी कम मजदूरी देकर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। कस्बे की उद्योग नगरी में बहुराष्ट्रीय कंपनी एचयूएल एवं यूआईएल संचालित है। इन कंपनियों में करीब आधा दर्जन से ज्यादा वेंडर (ठेकेदार) कार्य कर रहे है। इन वेंडरों के माध्यम से कंपनी में सैकड़ो मजदूर कार्य करते हैं।श्रमिकों का आरोप है कि कंपनी के अधीन कार्य करने वाले वेंडर कंपनी नियमों के साथ श्रम कानूनो को दरकिनार करके अपनी शर्तों पर मजदूरों को कार्य देते हैं और उनके हकों पर खुलेआम डाका डाल रहे हैं।
नोएडा में श्रमिकों की आवाज बुलंद होने के बाद अब यहां पर भी वेंडरों के अधीन कार्य करने वाले श्रमिकों ने अपने हकों के लिए बृहस्पतिवार को आवाज बुलंद करके जमकर हंगामा काटा। वेंडरों के अधीन कार्य करने वाले मजदूर अभि चौधरी, इशांत, बरदानी, राकेश, मानसिंह, छोटेलाल, मोहित यादव, अमित, हरिओम, केशव, नितिन, लाल बहादुर, मोहित साहू, योगेंद्र आदि ने आरोप लगाया कि उन्हें माह में 22 दिन की ड्यूटी दी जा रही है और प्रतिदिन महज 372 रुपए मजदूरी का भुगतान किया जा रहा है। साथ ही मोबाइल आदि अंदर नहीं ले जाने देते हैं और कैंटीन आदि में खाना नहीं दिया जाता है। यह फैक्ट्री नियमों का खुलेआम उल्लंघन है।
कंपनी मैनेजर भरत चौधरी ने बताया कि अभी मामला संज्ञान में नहीं है। श्रमिकों ने ऐसी कोई शिकायत उनसे नहीं की है। अगर श्रमिक शिकायत लेकर आते हैं तो नियमानुसार उनकी मांगों पर विचार करके निर्णय लिया जाएगा।

[post-views]
Share
Now