Home / Updates / गाँव में चारों ओर पानी ही पानी, साहूवाल के हालात बदतर…..

गाँव में चारों ओर पानी ही पानी, साहूवाल के हालात बदतर…..

पंजाब के अमृतसर ज़िले का सीमांत गांव साहूवाल इन दिनों बाढ़ से जूझ रहा है। रावी दरिया में आई बाढ़ ने पूरे गांव को तालाब में बदल दिया है। चार-चार फीट पानी में फंसे लोग कई दिनों से उसी में जीने को मजबूर हैं। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि बीमारियां फैलने लगी हैं—बुखार और संक्रमण आम हो गए हैं। मेडिकल किटें तो मिली हैं, लेकिन जांच और इलाज की पूरी सुविधा न होने से लोग डरे-सहमे हैं। मवेशी भी भूखे हैं, लगातार पानी में रहने से उनके पैरों में संक्रमण फैल रहा है। किसान बेबस हैं क्योंकि खड़ी फसलें पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं। उनका दर्द साफ है—“यह सिर्फ आज का नुकसान नहीं, बल्कि आने वाले महीनों की रोज़ी-रोटी भी डूब गई।”

गांव वालों का गुस्सा राहत सामग्री और सुरक्षा व्यवस्था पर भी है। उनका कहना है कि जिन्हें मदद की सबसे ज्यादा ज़रूरत थी, वे पीछे छूट गए, जबकि कई गैर-ज़रूरी परिवार सामान लेकर चले गए। चोरी की घटनाओं ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। हालांकि प्रशासन, सेना, एनडीआरएफ और एनजीओ लगातार राहत कार्य में जुटे हैं, पर ग्रामीणों को लगता है कि यह पर्याप्त नहीं। 60 परिवारों और 356 लोगों की इस छोटी सी आबादी वाले गांव की सबसे बड़ी मांग अब सिर्फ एक है—“सरकार हमें मुआवज़ा दे, टूटे मकान बनाए, पशुओं का इलाज कराए और हमारी ज़िंदगी पटरी पर लौटाने में मदद करे।”

[post-views]
Share
Now