Home / National / ग्राम पंचायत की अनुमति बिना कार्य प्रारंभ करने पर ग्रामीणों में आक्रोश, कांग्रेस जिलाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन…

ग्राम पंचायत की अनुमति बिना कार्य प्रारंभ करने पर ग्रामीणों में आक्रोश, कांग्रेस जिलाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन…

कोतमा। ग्राम पंचायत की अनुमति के बिना अडानी कंपनी के थर्मल पावर प्लांट द्वारा पाइप लाइन और अन्य कार्यों को मनमाने तरीके से प्रारंभ किए जाने के विरोध में ग्राम पडौर के ग्रामीणों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया है। ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम पंचायत की अनुमति के बिना कार्य प्रारंभ करना लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है और यह स्थानीय लोगों की भागीदारी एवं अधिकारों की अनदेखी है।

ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी द्वारा बिना अनुमति पाइप लाइन बिछाने और अन्य कार्य शुरू करने से ग्राम स्वराज की मर्यादा भंग हो रही है। यह कदम न केवल पंचायत व्यवस्था के विरुद्ध है बल्कि ग्रामवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। इस विषय को लेकर ग्राम पंडौर में एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस नेता उमाकांत उइके ने की। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि अडानी थर्मल पावर प्लांट द्वारा ग्राम पंचायत की अनुमति के बिना कार्य प्रारंभ करना तानाशाही रवैया है। इस संबंध में न्याय की उम्मीद के साथ ग्रामीणों ने एक ज्ञापन कांग्रेस जिलाध्यक्ष को सौंपा।

जिलाध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान ने बैठक में कहा कि ग्राम पंचायत लोकतंत्र की सबसे छोटी और सबसे महत्वपूर्ण इकाई होती है। किसी भी विकास कार्य से पहले ग्राम पंचायत की सहमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति किए गए कार्य न केवल अवैधानिक हैं बल्कि यह ग्रामीणों के अधिकारों का उल्लंघन भी है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले को लेकर प्रशासन से तत्काल जांच कराई जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में किसी भी परियोजना के संचालन से पहले ग्राम पंचायत की सहमति अवश्य ली जाए।

बैठक के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और असंतोष को विस्तार से रखा तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष से निष्पक्ष जांच की मांग की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सदैव जनता की आवाज बनकर अन्याय के विरुद्ध खड़ी रहेगी।

Tagged:
[post-views]
Share
Now