भा.ज.पा. आज उत्तराखंड निकाय चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करेगी। पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की वर्चुअल उपस्थिति में, पालिका और नगर पंचायत अध्यक्षों के प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, मदन कौशिक, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, खिलेंद्र चौधरी, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार और महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा नौटियाल ने प्रत्याशी पैनल पर विमर्श किया।
बैठक में निगमों के मेयर, पालिका अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा हुई और सर्वसम्मति से पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष उम्मीदवारों के नाम तय किए गए। वहीं, मेयर प्रत्याशियों के नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया है। भाजपा शुक्रवार की शाम को अपनी पहली सूची में इन प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करेगी, जबकि वार्ड सभासद और सदस्य प्रत्याशियों के नामों की घोषणा अगले चरण में होगी।