मा० प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के हर घर को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा से जोड़ने के संकल्प को साकार करते हुए राज्य में ‘पी०एम० सूर्य घरः मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत यूपीसीएल ने अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा यूपीसीएल को मार्च 2027 तक 40,000 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य दिया गया था, किन्तु यूपीसीएल ने अपने अथक प्रयासों एवं उपभोक्ताओं के सहयोग से यह लक्ष्य समय से लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व ही अगस्त 2025 में पूरा कर लिया है। साथ ही प्रदेशभर में अब तक 42,000 से अधिक सोलर रूफटॉप संयंत्र सफलतापूर्वक स्थापित कर लिये गये हैं, जिनकी कुल उत्पादन क्षमता लगभग 156 मेगावाट है। यह उपलब्धि उत्तराखण्ड को हरित ऊर्जा उत्पादन और ऊर्जा आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करती है। इस अभियान को सफल बनाने में यूपीसीएल की ओर से श्री आशीष अरोड़ा, मुख्य अभियन्ता एवं नोडल अधिकारी (सोलर सैल) का अहम योगदान रहा है।
प्रबन्ध निदेशक महोदय द्वारा इस उपलब्धि पर प्रशंसा व्यक्त करते हुए कहा –
“यह उपलब्धि मा० मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के प्रेरणादायी नेतृत्व और प्रमुख सचिव (ऊर्जा) जी के सतत् मार्गदर्शन का परिणाम है। मा० प्रधानमंत्री जी की महत्वाकांक्षी योजना ‘पीएम सूर्य-घर मुफ्त बिजली को प्रदेश के घर-घर तक पहुँचाना हमारे लिये गर्व का विषय है। हमने जो लक्ष्य मार्च 2027 तक प्राप्त करना था. उसे अगस्त 2025 में ही पूरा कर लिया है जो यूपीसीएल परिवार की प्रतिबद्धता और उपभोक्ताओं के सहयोग का परिणाम है। भविष्य में भी हम इसी उत्साह से कार्य कर उत्तराखण्ड को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाते रहेंगे।”
सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना होने से-
उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में बड़ी राहत मिल रही है।
राज्य की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को सशक्त बल मिल रहा है।
स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उत्पादन से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
राज्य की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और अधिक विश्वसनीय एवं टिकाऊ बनेगी।
प्रबन्ध निदेशक महोदय द्वारा अवगत कराया गया कि यूपीसीएल उपलब्ध लक्ष्य से आगे बढ़ते हुए आने वाले वर्षों में और अधिक सौर संयंत्र स्थापित कर उपभोक्ताओं को सस्ती और हरित बिजली उपलब्ध कराने तथा नेट-जीरो के वैश्विक लक्ष्य की दिशा में राज्य की सशक्त भूमिका सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभायेगा।






