Home / Updates / केंद्रीय मंत्री का दावा! शिवसेना में एक और टूट होगी 12 सांसद पाला ….

केंद्रीय मंत्री का दावा! शिवसेना में एक और टूट होगी 12 सांसद पाला ….

महाराष्ट्र की सत्ता छीनने के बाद एकनाथ शिंदे उद्धव ठाकरे गुट को और बड़ा झटका देने की तैयारी में हैं। खबर है विधायकों की बगावत के बाद अब शिवसेना के सांसद भी पाला बदल सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने सोमवार को दावा किया कि उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना के 12 सांसद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट के संपर्क में हैं और वे पाला बदलने के लिए तैयार हैं।

दानवे ने यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह भी कहा कि शिवसेना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन कर सकती है, क्योंकि वह आदिवासी हैं। जालना के सांसद ने कहा, ‘‘शिवसेना के 12 सांसद पार्टी छोड़ने को तैयार हैं और वे एकनाथ शिंदे खेमे में शामिल होने को हैं।’’ लोकसभा में शिवसेना के 19 सदस्य हैं। दानवे ने यह भी कहा कि शिंदे गुट ही वास्तविक शिवसेना है क्योंकि उन्हें कुल (55) विधायकों में से दो-तिहाई का समर्थन प्राप्त है।

इससे पहले महाराष्ट्र में शिवसेना के 18 लोकसभा सदस्यों में से 13 ने सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव पर एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया और उनमें से अधिकतर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का सुझाव दिया। यह जानकारी शिवसेना नेता गजानन कीर्तिकर ने दी।

हालांकि, शिवसेना सांसद एवं मुख्य प्रवक्ता संजय राउत ने दावा किया कि लोकसभा में पार्टी के18 सदस्यों में से 15 ने उपनगरीय बांद्रा में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के निजी आवास ‘मातोश्री’ में हुई बैठक में भाग लिया। उन्होंने इस संबंध में कोई ब्योरा नहीं दिया। महाराष्ट्र में 18 लोकसभा के सांसदों के अलावा, केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव से कलाबेन डेलकर भी शिवसेना सांसद हैं।

Tagged:
[post-views]
Share
Now