रूस और यूक्रेन के बीच सालों से चल रहे युद्ध को लेकर दुनिया भर में बेचैनी है। ऐसे में अमेरिका और रूस दो बड़ी महाशक्तियों के नेताओं की मुलाकात सबकी नज़रों में थी। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यह अहम बैठक अमेरिका के अलास्का में हुई। करीब तीन घंटे चली इस मीटिंग में उम्मीद थी कि शायद युद्धविराम पर कोई रास्ता निकलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। जानिए इस हाई-प्रोफाइल बैठक से जुड़ी 10 बड़ी बातें, जो चर्चा में हैं:

- कहां हुई बैठक?
यह मुलाकात अलास्का के ज्वाइंट बेस एल्मेंड्रॉर्फ-रिचर्डसन एयरबेस पर हुई एक ऐसा सैन्य ठिकाना जो कभी सोवियत संघ की निगरानी के लिए इस्तेमाल होता था। इस जगह का चुनाव खुद में काफी प्रतीकात्मक था।
- दिखावे से आगे नहीं बढ़ी बातचीत
बैठक जरूर हुई, लेकिन न तो कोई समझौता हुआ, और न ही किसी ठोस नतीजे की घोषणा। ट्रंप ने दुनिया को दिखाने की कोशिश की कि उन्होंने पुतिन को बातचीत के लिए राज़ी कर लिया, जबकि पुतिन ने बातचीत को अपने हिसाब से मोड़ा।
- प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुप्पी
बैठक के बाद दोनों नेताओं ने प्रेस से बात की, लेकिन किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। व्हाइट हाउस की तरफ से बताया गया कि ट्रंप के साथ कुछ और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, जिससे ये बातचीत सिर्फ ‘वन-ऑन-वन’ नहीं रही।
- पुतिन की ‘ताकतवर’ टीम
पुतिन के साथ उनके अनुभवी राजनयिक थे, जिन्होंने बातचीत में रूसी पक्ष को मज़बूती से रखा। उनके साथ रूस के विदेश मंत्री और नीति सलाहकार भी मौजूद थे।
- ट्रंप बोले “बातचीत अच्छी रही”
ट्रंप ने बातचीत को ‘उपयोगी’ बताया और कहा कि कुछ बातों पर सहमति बनी है। लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि किन मुद्दों पर सहमति बनी।
- मीडिया पर पुतिन का दबदबा
पुतिन ने ट्रंप से पहले और ज्यादा देर तक मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बातचीत सम्मान और सहयोग के माहौल में हुई, लेकिन माहौल देखकर साफ था कि वह पूरी बातचीत पर हावी रहे।
- चेतावनी और टैक्स की बात
ट्रंप ने कहा कि अगर युद्ध नहीं रुका तो वह रूस पर और सख्त प्रतिबंध लगाएंगे साथ ही उन देशों पर भी टैक्स लगाएंगे जो रूसी तेल खरीदते हैं। उन्होंने भारत पर पहले ही 25% टैक्स लगा रखा है।
- ट्रंप ने पुतिन की बात दोहराई
ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि पुतिन ने अमेरिकी चुनाव में ‘मेल-वोटिंग’ को धांधली की वजह बताया। ट्रंप ने इसे ‘दिलचस्प’ बात कहा, जिससे एक बार फिर चुनावी प्रक्रिया पर बहस छिड़ सकती है।
- क्या पुतिन रहे असली ‘विजेता’?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बैठक से पुतिन को ज्यादा फायदा हुआ। भले ही युद्धविराम पर सहमति नहीं बनी, लेकिन अगली मीटिंग की उम्मीद ज़रूर जगी है। पुतिन ने ट्रंप को रूस आने का न्योता भी दे दिया है।
- क्या अगली मीटिंग में जेलेंस्की होंगे साथ?
ट्रंप ने कहा कि भविष्य में वह, पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की एक साथ बैठ सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह युद्धविराम की दिशा में एक बड़ा कदम हो सकता है।
बातचीत हुई, माहौल गंभीर था, लेकिन नतीजा ठोस नहीं निकल पाया। अब दुनिया की निगाहें अगली संभावित बैठक और उसमें शामिल होने वाले नेताओं पर टिकी हैं।






