रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान शनिवार देर रात एक हादसे के बाद तनाव की स्थिति बन गई। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक शिवभक्त की कांवड़ को पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी, जिससे कांवड़ खंडित हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद कांवड़ियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने कार में तोड़फोड़ कर दी।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त की कांवड़ को मंगलौर क्षेत्र में पीछे से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कांवड़ खंडित हो गई। कांवड़ खंडित होने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद अन्य कांवड़िए भी मौके पर पहुंच गए।
घटना के बाद कांवड़ियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। गुस्साए कांवड़ियों ने कार को घेर लिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से कांवड़ यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की है।






