अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
(करतला, तुमान, बरपाली और सोहागपुर जोन मे सर्वाधिक असाक्षर सर्वे करने वाले तीन -तीन कार्यकर्ताओं को किया जायेगा सम्मानित)
करतला//ग्रामीण आजीविका मिशन, विकासखंड करतला के अंतर्गत उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम को प्रभावी रूप से संचालित करने हेतु विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री संदीप पांडे एवं जिला परियोजना अधिकारी उल्लास श्रीमती ज्योति शर्मा के निर्देशानुसार 22 एवं 23 जून 2026 को करतला विकासखंड के विभिन्न जोनों में प्रशिक्षण एवं सक्रिय कार्यकर्ता मासिक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य असाक्षर व्यक्तियों की पहचान, सर्वेक्षण, ऑनलाइन प्रविष्टि, अध्यापन व्यवस्था तथा स्वयंसेवी शिक्षकों की भूमिका के संबंध में कार्यकर्ताओं को विस्तृत जानकारी प्रदान करना रहा।
दिनांक 22 जून 2026 को बरपाली, तुमान एवं करतला जोन में ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में उल्लास परीक्षा, सर्वेक्षण प्रक्रिया, अध्यापन हेतु कक्षा संचालन, परीक्षा में शामिल होने की निर्धारित योग्यता, स्वयंसेवी शिक्षकों को मिलने वाले बोनस अंक एवं प्रमाण-पत्र की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही सभी प्रतिभागियों को साक्षरता शपथ दिलाई गई। प्रत्येक प्रशिक्षण स्थल मे 50 से 70 के बिच ग्रामीण आजीविका मिसन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्रामीण आजीविका मिशन के करतला ब्लॉक प्रभारी श्री सुरेश निर्मलकर, उल्लास के विकासखंड परियोजना अधिकारी श्री लोकनाथ सेन, बरपाली जोन की बी.आर.पी. श्रीमती अनीता पोया, करतला जोन की बी.आर.पी. श्रीमती आशा जांगड़े तथा तुमान जोन की बी.आर.पी. श्रीमती दीपिका निर्मलकर उपस्थित रहीं।
इसी क्रम में दिनांक 23 जून 2026 को सोहागपुर जोन में ग्रामीण आजीविका मिशन के सक्रिय सदस्यों की मासिक बैठक सह प्रशिक्षण आयोजित की गई, जिसमें उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विकासखंड परियोजना अधिकारी श्री लोकनाथ सेन द्वारा असाक्षरों के चिन्हांकन, सर्वेक्षण, ऑनलाइन प्रविष्टि, अध्यापन की विषयवस्तु, स्वयंसेवी शिक्षकों की भूमिका, शिक्षण सुविधाओं तथा विद्यार्थियों को मिलने वाले बोनस अंकों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में उन्होंने बताया कि ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत विकासखंड को चार जोनों में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक जोन से सर्वाधिक असाक्षरों का सर्वेक्षण करने वाले तीन-तीन सक्रिय कार्यकर्ताओं को उल्लास नवभारत साक्षरत कार्यक्रम करतला के द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
संकुल सोहागपुर के समन्वयक श्री संजय चौहान ने विशेष रूप से दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें साक्षरता अभियान से जोड़ने तथा उनकी पृथक सूची तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने उल्लास कार्यक्रम के माध्यम से साक्षर बनने वाले शिक्षार्थियों को मिलने वाले प्रमाण-पत्र की उपयोगिता एवं महत्व की भी जानकारी दी।
ग्रामीण आजीविका मिशन की क्षेत्रीय समन्वयक प्रतिमा एक्का मैडम ने उल्लास साक्षरता मिशन के लिए बैठक के सफल आयोजन एवं उत्कृष्ट संचालन हेतु सोहागपुर जोन की बी.आर.पी. श्रीमती अनीता यादव को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सोहागपुर जोन के समिति अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों सहित 70 से अधिक सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्र के प्रत्येक असाक्षर व्यक्ति तक पहुंचकर उन्हें साक्षर बनाने तथा उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।







