- भारत में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के खतरे ने पूरी दुनिया को सकते में डाल दिया है।
- इस बीच न्यूजीलैंड से बड़ी खबर सामने आई है. न्यूजीलैंड ने भारत से आने वाले यात्रियों की एंट्री पर रोक लगा दी है।
- गुरुवार को न्यूजीलैंड की पीएम जेसिंडा अर्डर्न ने इस अस्थायी रोक का ऐलान किया है।
- जेसिंडा अर्डर्न ने कहा कि 11 अप्रैल से भारत से आने वाले लोगों की एंट्री पर पाबंदी रहेगी।
नई दिल्ली
न्यूजीलैंड ने भारत से आने वाले यात्रियों की एंट्री पर रोक लगा दी है। गुरुवार को न्यूजीलैंड की पीएम जेसिंडा अर्डर्न ने इस अस्थायी रोक का ऐलान किया है। जेसिंडा अर्डर्न ने कहा कि 11 अप्रैल से भारत से आने वाले लोगों की एंट्री पर रोक होगी। कोरोना केसों में तेजी से हो रहे इजाफे के चलते न्यूजीलैंड ने यह फैसला लिया है। इससे पहले भी न्यूजीलैंड कई अन्य देशों के यात्रियों की एंट्री पर रोक लगा चुका है।
पहले भी न्यूजीलैंड ने भारतीयों की एंट्री पर रोक का फैसला लिया था, लेकिन फिर उस फैसले को वापस ले लिया गया था। अब एक बार फिर से नई लहर के चलते यह फैसला लिया गया है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक न्यूजीलैंड के अपने नागरिकों की एंट्री पर भी इस दौरान रोक रहेगी, जो भारत से आ रहे होंगे। यह रोक 11 अप्रैल को शाम 4 बजे से 28 अप्रैल तक लागू रहेगी। इस दौरान सरकार यात्रा के दौरान रिस्क मैनेजमेंट को मजबूत करने के लिए काम करेगी।
न्यूजीलैंड की ओर से यह अस्थायी बैन ऐसे समय में लगा रहा है, जब बीते कई दिनों से भारत में हर दिन 1 लाख से ज्यादा नए कोरोना केस मिल रहे हैं।
भारत में कोरोना बना रहा नए-नए रिकॉर्ड
दूसरी तरफ भारत में कोरोना महामारी के नए मामलों में अचानक वृद्धि देखने को मिल रही है. देश में अब तक 1.28 करोड़ मामले सामने आए हैं. देश का सक्रिय मामले 8,43,000 से अधिक पहुंच गए हैं और दैनिक सकारात्मकता दर लगातार बढ़ रही है. बढ़ते मामलों को देखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी गुरूवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करने वाले हैं. इसके अलावा कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने के लिए महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत अन्य कई राज्यों में न सिर्फ नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है, बल्कि कोरोना को लेकर और सख्ती बरतना भी शुरू कर दिया गया है.