अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
करतला//ग्राम पंचायत कनकी में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में ग्राम पंचायत भैसामुड़ा निवासी रेवती बाई पांडेय ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा भुगतान नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। यह मामला विकासखंड करतला अंतर्गत सामने आया है, जहां हितग्राही द्वारा कई बार अधिकारियों से संपर्क करने के बावजूद समाधान नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
रेवती बाई पांडेय ने जन समस्या निवारण शिविर में दिए आवेदन में बताया कि उनका प्रधानमंत्री आवास वर्ष 2024-25 में स्वीकृत हुआ था। उन्होंने वर्षा काल के दौरान ही मकान निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया था तथा 12 दिसंबर 2025 तक आवास निर्माण पूर्ण कर लिया। इसके बावजूद उन्हें आज तक मनरेगा मजदूरी भुगतान तथा प्रधानमंत्री आवास की अंतिम किस्त प्राप्त नहीं हो सकी है।
पीड़िता के अनुसार, उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत भैसामुड़ा सचिव, रोजगार सहायक तथा आवास मित्र से संपर्क किया, लेकिन केवल आश्वासन ही मिलता रहा। उन्होंने यह भी बताया कि दिनांक 16 मार्च 2026 को वे जनपद पंचायत कार्यालय करतला पहुंचकर आवेदन प्रस्तुत कर चुकी हैं, परंतु वहां से भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
जन समस्या निवारण शिविर में रेवती बाई ने प्रशासन से मांग की है कि उनके लंबित मनरेगा भुगतान एवं प्रधानमंत्री आवास की अंतिम किस्त शीघ्र जारी की जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिलने से हितग्राहियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्राम पंचायत कनकी के जन समस्या निवारण शिविर में उठी प्रधानमंत्री आवास एवं मनरेगा भुगतान की समस्या






