मुंबई को एक बार फिर धमाके से उड़ाने की धमकी मिली है। ट्रैफिक पुलिस को व्हाट्सएप पर भेजे गए एक मैसेज में कहा गया कि अनंत चतुर्दशी पर 400 किलो आरडीएक्स से ब्लास्ट किया जाएगा और इसमें करीब 1 करोड़ लोगों की जान जा सकती है। मैसेज में दावा किया गया है कि 34 गाड़ियों में ह्यूमन बॉम्ब लगाए गए हैं और धमाके के बाद पूरा शहर हिल जाएगा।
इस धमकी में ‘लश्कर-ए-जिहादी’ नाम का जिक्र किया गया है और यह भी कहा गया है कि 14 पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुस चुके हैं। इसके बाद मुंबई पुलिस सतर्क हो गई है और पूरे शहर में सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है। पुलिस अब उस व्हाट्सएप नंबर को ट्रेस करने में जुटी है, जिससे यह संदेश भेजा गया।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब पुलिस को इस तरह की धमकी मिली हो। 22 अगस्त को गिरगांव स्थित इस्कॉन मंदिर की आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा मेल आया था। सूचना के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की तलाशी ली, लेकिन कुछ संदिग्ध नहीं मिला 14 अगस्त को भी एक कॉल आया था, जिसमें कहा गया था कि ट्रेन में धमाका होगा। कॉलर ने न समय बताया और न ही जगह, और तुरंत फोन काट दिया।.






