मुंबई से करीब 100 किलोमीटर दूर नेरल में एक रियल एस्टेट प्रोजेक्ट को लेकर सियासी बवाल मच गया है। वजह है इसका विज्ञापन, जिसमें इस हाउसिंग प्रोजेक्ट को खास तौर पर ‘हलाल लाइफस्टाइल टाउनशिप’ बताकर प्रमोट किया गया है। यही बात अब विवाद का कारण बन गई है।
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो में हिजाब पहनी एक महिला टाउनशिप का प्रचार करती नजर आती है। वह बतादे है कि यहाँ “समान सोच वाले परिवार” रहेंगे, बच्चे “हलाल माहौल” में सुरक्षित बड़े होंगे और प्रार्थना स्थल व कम्युनिटी प्रोग्राम जैसी सुविधाएं पैदल दूरी पर ही उपलब्ध होंगी।
इस वीडियो पर शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि विज्ञापन की नीयत पर सवाल उठते हैं। उन्होंने राज्य सरकार से जांच कराने और इस वीडियो को तुरंत वापस लेने की मांग की है।






