बिहार के नवादा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रिसलीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग लड़की को जबरदस्ती शराब पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।
बता दे की पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी 13 साल की बेटी अपनी सहेलियों के साथ नदी के किनारे लकड़ी बीनने गई थी। वहां, प्यास लगने पर उसने एक परिचित और कुछ अन्य लोगों से पानी मांगा। लेकिन, उसे पानी के बजाय जबरन शराब पिलाई गई। इसके बाद, चार युवकों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म की घिनौनी हरकत की।
लड़की की चीखें सुनकर उसकी सहेलियां मदद के लिए पहुंचीं, लेकिन तब तक वह बेहोश हो चुकी थी और आरोपी मौके से फरार हो गए थे। सहेलियों ने तुरंत पीड़िता के परिवार को सूचित किया। परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज की, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर एक आरोपी, 20 वर्षीय रेणु मांझी, जो चंडीपुर गांव के श्यामलाल मांझी का बेटा है, को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।
रिपोर्ट:- कनक चौहान






