Home / News / समस्तीपुर में शिक्षक प्रशिक्षण की बदहाल व्यवस्था पर सवाल, 71 शिक्षकों ने की शिकायत

समस्तीपुर में शिक्षक प्रशिक्षण की बदहाल व्यवस्था पर सवाल, 71 शिक्षकों ने की शिकायत

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

हॉस्टल में बिजली, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर उठाए सवाल; प्रशिक्षकों के व्यवहार पर भी जताई आपत्ति

समस्तीपुर। समस्तीपुर में 12 से 16 अक्टूबर 2026 तक आयोजित पांच दिवसीय आवासीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर 71 शिक्षकों ने शिकायत की है। शिक्षकों ने अनुमंडल पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन देकर प्रशिक्षण स्थल पर बुनियादी सुविधाओं की कमी और कथित अव्यवस्थाओं से अवगत कराया है। उन्होंने मामले की जांच कर आवश्यक सुधार कराने की मांग की है।

शिक्षकों की शिकायत के अनुसार, प्रशिक्षण के दौरान आवासीय परिसर में कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि रात के समय बिजली की व्यवस्था बाधित रहती है। परिसर में जनरेटर उपलब्ध होने के बावजूद उसका समुचित उपयोग नहीं किया जाता है। वहीं, आवासन कक्षों में मच्छरों की अधिकता के कारण शिक्षकों को रात में आराम करने में परेशानी होती है।

आवेदन में स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिक्षकों का कहना है कि हॉस्टल में पीने के लिए स्वच्छ पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। बाथरूम और स्नानघर की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है तथा परिसर में गंदगी बनी रहती है।

भोजन की गुणवत्ता और मेनू के पालन पर भी सवाल

शिक्षकों ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि प्रशिक्षण के दौरान निर्धारित मेनू का पालन नहीं किया जाता और भोजन की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं रहती। आवेदन में कहा गया है कि इन समस्याओं से कॉलेज प्रशासन को बार-बार अवगत कराने के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

प्रशिक्षकों के व्यवहार पर भी जताई नाराजगी

शिकायत में प्रशिक्षक के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिक्षकों का आरोप है कि प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु शिक्षकों के साथ उचित व्यवहार नहीं किया जाता। उन्होंने इस मामले में भी आवश्यक सुधार कराने का अनुरोध किया है।

डीईओ से बार-बार संपर्क का प्रयास, नहीं मिला जवाब

शिक्षकों की शिकायत के संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी, समस्तीपुर का पक्ष जानने के लिए फोन पर बार-बार संपर्क करने का प्रयास किया गया। हालांकि, कॉल की पूरी रिंग जाने के बावजूद उन्होंने फोन नहीं उठाया। खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से न तो कॉल बैक किया गया और न ही कोई प्रतिक्रिया प्राप्त हुई। इस कारण मामले में उनका पक्ष शामिल नहीं किया जा सका।

सदर एसडीओ ने आवेदन देने को कहा, कार्रवाई का भरोसा

वहीं, मामले को लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार से संपर्क किया गया। उन्होंने फोन पर बात करते हुए शिकायत के संबंध में अपने नाम से आवेदन देने को कहा। एसडीओ ने मामले को लेकर संबंधित लोगों से बात करने और प्रशिक्षण स्थल पर उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में पहल करने का भरोसा दिलाया।

71 शिक्षकों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन से उठे सवाल

शिक्षकों ने अपने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन में बिजली, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, भोजन और आवासन की व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है। साथ ही, प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों के साथ उचित व्यवहार सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

अब देखना होगा कि शिक्षकों की शिकायत पर प्रशासनिक स्तर से क्या कार्रवाई होती है और प्रशिक्षण स्थल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now