Home / News / सहारनपुर: मुस्लिम राष्ट्रीय मंच छोड़ सैकड़ों कार्यकर्ता आजाद समाज पार्टी में शामिल

सहारनपुर: मुस्लिम राष्ट्रीय मंच छोड़ सैकड़ों कार्यकर्ता आजाद समाज पार्टी में शामिल

सहारनपुर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का कुनबा लगातार मजबूत होता जा रहा है। इसी कड़ी में आज सहारनपुर के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र पीर वाली गली में एक विशाल बैठक और सदस्यता समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महानगर अध्यक्ष गुलशेर मलिक और वरिष्ठ नेता व महानगर महामंत्री हाजी अलबख्श के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस दौरान क्षेत्र में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच को एक बड़ा झटका लगा, जब मंच छोड़कर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एक साथ आजाद समाज पार्टी का दामन थाम लिया। साथ ही, क्षेत्र के गणमान्य लोगों और भारी संख्या में स्थानीय युवाओं ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल हुए सभी युवाओं और कार्यकर्ताओं का वरिष्ठ पदाधिकारियों ने फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। इस मौके पर पार्टी नेतृत्व ने संगठन का विस्तार करते हुए परवेज़ मंसूरी को महानगर उपाध्यक्ष मनोनीत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष गुलशेर मलिक ने कहा कि आजाद समाज पार्टी हमेशा से दबे-कुचले, शोषितों और अल्पसंख्यकों के हक की लड़ाई लड़ती आई है। आज मुस्लिम राष्ट्रीय मंच छोड़कर आए साथियों और युवाओं का पार्टी के प्रति यह झुकाव साफ दर्शाता है कि क्षेत्र की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि युवा ही पार्टी की असली ताकत हैं और उनके आने से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।
वहीं, वरिष्ठ नेता व महानगर महामंत्री हाजी अलबख्श ने अपने संबोधन में कहा कि पीर वाली गली और आसपास के क्षेत्रों से जिस तरह लोग स्वेच्छा से आगे आकर एएसपी से जुड़ रहे हैं, वह बेहद उत्साहजनक है। उन्होंने नए कार्यकर्ताओं और युवाओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार सुनिश्चित किया जा सके।
इस दौरान नए मनोनीत महानगर उपाध्यक्ष परवेज़ मंसूरी और अन्य नए सदस्यों ने पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now