(रिपोर्ट नेहाल अख्तर)
(Express news bharat)
(जिला संवाददता बलिया)
बलिया। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को बलिया प्रधान डाकघर में ‘मेल्स एवं पार्सल दिवस’ के अवसर पर बिजनेस बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न उद्योगों से जुड़े सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के प्रतिनिधियों तथा डाक सेवाओं के ग्राहकों ने भाग लिया। बैठक में डाक विभाग की घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय सेवाओं के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। बैठक के मुख्य अतिथि बलिया उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता रहे। उन्होंने कहा कि डाक विभाग सामाजिक सरोकार और जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है। इस विभाग के प्रति लोगों का विश्वास आज भी कायम है। डाक विभाग और व्यापार एक-दूसरे के पूरक हैं। व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु बनाने में डाक विभाग की सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैठक को संबोधित करते हुए बलिया मंडल के अधीक्षक डाकघर राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि डाक विभाग लाभ कमाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि जनसेवा की भावना से कार्य करता है। विभाग प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने डाक विभाग की सेवाओं को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने और व्यापारिक संस्थानों को इनसे जोड़ने पर जोर दिया। बैठक के दौरान एमएसएमई से संबंधित घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं, मेल्स एवं पार्सल, बचत बैंक, सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, आधार सेवाओं, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक तथा डोरस्टेप सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य व्यापारियों और उद्यमियों को डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं से परिचित कराना तथा उनके व्यावसायिक कार्यों में इन सेवाओं के उपयोग को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर सहायक अधीक्षक डाकघर पश्चिम, रसड़ा, एपी गोस्वामी, परिवाद निरीक्षक अनिकेत रंजन, उपमंडल निरीक्षक सतीश, गोविन्द कन्नौजिया, बलिया एवं रसड़ा के पोस्टमास्टर सहित एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े अनेक ग्राहक उपस्थित रहे।







