पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा कम्युनिटी सेंटर के पास कैफे के बाहर अचानक हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि दो नकाबपोश बदमाशों ने कैफे के बाहर करीब 15 राउंड गोलियां चलाईं। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और इलाके की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके।
चश्मदीद ने बताई पूरी घटना
घटना के वक्त मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि अचानक गोलियों की आवाज सुनाई देने लगी। कुछ ही देर में लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। चश्मदीद के मुताबिक, दोनों आरोपी चेहरे पर नकाब लगाए हुए थे और फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए।
पुलिस अब आरोपियों के भागने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े सुराग जुटा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस आपसी रंजिश समेत कई संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस की जांच के बाद ही फायरिंग की असली वजह और आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
दिल्ली में कैफे के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, 15 राउंड चली गोलियां; दो लोग घायल…





