Home / Breaking News / आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत! पत्नी-बेटे को भी मिला फायदा, यूपी सरकार को झटका…

आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत! पत्नी-बेटे को भी मिला फायदा, यूपी सरकार को झटका…

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को जाली जन्म प्रमाण पत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा है, जिसमें आजम खान की दोषसिद्धि पर रोक लगाई गई थी। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी, लेकिन अदालत ने राज्य सरकार की अपील खारिज कर दी।

वहीं, इसी मामले में आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। दोनों की ओर से दाखिल अपीलों को अदालत ने स्वीकार कर लिया। इन अपीलों में इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी गई थी, जिसमें उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार किया गया था। मामले की सुनवाई जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने की।

दरअसल, पूरा मामला अब्दुल्ला आजम खान के दो अलग-अलग जन्म प्रमाण पत्रों से जुड़ा है। आरोप था कि उनके लिए अलग-अलग जन्मतिथि वाले दो प्रमाण पत्र बनवाए गए थे। एक प्रमाण पत्र में जन्मतिथि 1 जनवरी 1993, जबकि दूसरे में 30 सितंबर 1990 दर्ज थी। आरोप के मुताबिक, दूसरे प्रमाण पत्र का इस्तेमाल 2017 के विधानसभा चुनाव में नामांकन के दौरान किया गया था। बीजेपी नेता आकाश सक्सेना की शिकायत के बाद इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था।

इस मामले में आजम खान, उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को दोषी ठहराया गया था। मई 2024 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान की दोषसिद्धि पर रोक लगा दी थी, लेकिन पत्नी और बेटे को यह राहत नहीं दी थी। अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले से तीनों के मामले में राहत का रास्ता खुला है। इस फैसले को उत्तर प्रदेश सरकार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now