बरेली। थाना कोतवाली पुलिस ने 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 23 जून को शीश महल स्थित मिशन कंपाउंड निवासी डार्विन ए. डेविड ने थाना कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि संजीव कुमार, जगमोहन सिंह, राजीव मैसी और उनके अन्य साथियों ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 20 जुलाई को पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर रेलवे कॉलोनी के पास से वांछित आरोपी जगमोहन पुत्र द्रिगपाल सिंह (63 वर्ष) निवासी विशप मंडल इंटर कॉलेज परिसर, सिविल लाइंस को सुबह करीब 5:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता और हेड कांस्टेबल उग्रवीर सिंह शामिल रहे।
10 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में एक गिरफ्तार






