Home / News / करेली में विकास की नई सौगात – 1 करोड़ 25 लाख से दीनदयाल रसोई और नई सड़क का लोकार्पण

करेली में विकास की नई सौगात – 1 करोड़ 25 लाख से दीनदयाल रसोई और नई सड़क का लोकार्पण

जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम
रिपोर्ट – समीरज जैन करेली जिला नरसिंगपुर म प्र
करेली। नगर पालिका परिषद करेली के विकास क्रम में 11 अगस्त 2025 को नगर के पंडित महादेव प्रसाद तिवारी सामुदायिक भवन, सोमवार बाजार में विकास के नए आयाम जोड़ते हुए भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर दीनदयाल रसोई का शुभारंभ और राम रसोई (राम वार्ड) से गुरुद्वारा होते हुए लक्ष्मी नारायण वार्ड तक नई निर्मित सीमेंट कंक्रीट सड़क का लोकार्पण किया गया। कुल 1 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह सड़क क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगी, जिससे आवागमन सुगम होगा और स्थानीय व्यापार एवं जनजीवन में नई ऊर्जा का संचार होगा।
कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
इस ऐतिहासिक अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन श्री जालम सिंह पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नगर पालिका करेली की विकास योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि “केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दी जा रही योजनाओं का लाभ अब तेजी से अंतिम पंक्ति के नागरिक तक पहुंच रहा है, और करेली नगर इसका उत्कृष्ट उदाहरण है।”

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुशीला ममार ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि करेली में विकास का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा और नगर के प्रत्येक वार्ड को बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।

पूर्व राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी ने अपने संबोधन में कहा – “करेली का विकास केवल ईंट-पत्थर का निर्माण नहीं है, बल्कि यह यहां के नागरिकों की खुशहाली और जीवन स्तर सुधारने का संकल्प है। दीनदयाल रसोई से जरूरतमंदों को सस्ता और पौष्टिक भोजन मिलेगा, वहीं नई सड़क से यातायात और व्यापार दोनों को नया आयाम मिलेगा।”
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री मध्य प्रदेश शासन जालम सिंह पटेल, पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, नगर पालिका की अध्यक्षता श्रीमती सुशीला ममार तथा विशिष्ट अतिथियों में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष पंडित रामस्नेही पाठक, मंडल अध्यक्ष श्री जितेंद्र स्वामी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता नेमा, विधायक प्रतिनिधि श्री बृजेश माते, समस्त पार्षदगण एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष रजत चौहान ने किया तथा आभार मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीकांत पाटर ने व्यक्त किया।
*जनता से संवाद और योजनाओं की चर्चा
अतिथियों ने दीनदयाल रसोई के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल निर्धन, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगी। नई सड़क के लोकार्पण पर क्षेत्र के नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि इससे बारिश में होने वाली कठिनाइयों से मुक्ति मिलेगी और यातायात सुचारू रहेगा।
नगर पालिका परिषद के 3 साल बेमिसाल – वुकलेट विमोचन
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के पिछले 3 वर्षों के विकास कार्यों एवं आगामी 2 वर्षों की कार्ययोजना पर आधारित वुकलेट का विमोचन किया गया, जिसमें विकास यात्रा और नई सौगातों का विस्तृत विवरण शामिल है।
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 – 214 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत नगर पालिका के सभी वार्डों के 214 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इससे हितग्राहियों का “पक्का घर का सपना” साकार होगा और उन्हें रहने की उचित सुविधा मिलेगी।
पौधारोपण से पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सोमवार बाजार स्थित दीनदयाल रसोई के समीप जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उत्साह और जनभागीदारी
भव्य समारोह में नगर के वार्डों के पार्षद, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठजन,व्यापारी वर्ग, महिला समूह, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और गर्व का वातावरण रहा। नागरिकों ने इस विकास उपलब्धि के लिए नगर पालिका परिषद करेली एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Tagged:
[post-views]
Share
Now