मथुरा के वृंदावन में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे में पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम के चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना चैतन्य विहार सेक्टर-2 स्थित गुरुकुलम परिसर की है, जहां बंद पड़े पानी के टैंक की सफाई के लिए पांच छात्र अंदर उतरे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक टैंक के भीतर जहरीली गैस बनने से छात्रों की तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश होकर फंस गए।
बताया जा रहा है कि सबसे पहले 22 वर्षीय मनु कटारे टैंक में उतरे थे। कुछ देर बाद उनकी हालत खराब हुई तो उन्हें बचाने के प्रयास में चार अन्य छात्र भी अंदर चले गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों, आचार्यों और छात्रों ने रेस्क्यू शुरू किया। पुलिस की मदद से सभी छात्रों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनु कटारे, विशू शर्मा, आर्यन पांडेय और देवांश शर्मा को मृत घोषित कर दिया। रुद्राक्ष का उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, एडीएम पंकज वर्मा और एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह समेत अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बंद टैंक की सफाई के लिए छात्रों को अंदर भेजने का फैसला किस परिस्थिति में लिया गया और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, जिस परिसर में गुरुकुलम चल रहा है, वहां पहले गेस्ट हाउस संचालित होता था। करीब एक साल पहले यहां गुरुकुलम शुरू किया गया था। परिसर में कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों को संस्कृत की शिक्षा दी जाती है और बड़ी संख्या में छात्र यहां रहते हैं।
हादसे के बाद गुरुकुलम के संचालक के मौके से चले जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। प्रशासन की जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।





