दिल्ली के विवेक विहार स्थित एक इमारत में रविवार तड़के करीब 3:47 बजे भीषण आग लग गई. इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग बुरी तरह झुलस गए हैं. फायरकर्मियों ने बिल्डिंग में लगी आग पर काबू पा लिया है. फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है. अधिकारियों ने हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है, क्योंकि सर्च अभियान अभी जारी है.
फायर कर्मी ने बताया कि फायर कंट्रोल रूम को तड़के करीब 3:47 बजे सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही 14 फायर टेंडर मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने और बिल्डिंग में फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है. बचाव दल ने धुएं के गुबार के बीच से 12 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू कर लिया है. हादसे में मरने वालों की संख्या 8 से बढ़कर 9 हो गई है और 4 अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए हैं. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
शुरुआती जांच में बिल्डिंग आग का कारण एसी ब्लास्ट बताया जा रहा है. आग किस मंजिल या हिस्से से शुरू हुई, इसकी जांच की जा रही है. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन कूलिंग की प्रक्रिया अभी-भी मौके पर चल रही है.






