Home / News / बकानी में CHC निर्माण के लिए भूमि आवंटितः कोटा-भोपाल रोड पर पुरानी आईटीआई परिसर में होगा निर्माण, बढ़ेगी सुविधा

बकानी में CHC निर्माण के लिए भूमि आवंटितः कोटा-भोपाल रोड पर पुरानी आईटीआई परिसर में होगा निर्माण, बढ़ेगी सुविधा

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट

बकानी कस्बे में सीएचसी भवन के निर्माण के लिए भूमि आवंटित कर दी गई है। जिला कलेक्टर ने कोटा-भोपाल रोड स्थित पुरानी आईटीआई परिसर की जमीन इस उद्देश्य के लिए स्वीकृत की है। यह निर्णय क्षेत्र में लंबे समय से उठ रही मांग के बाद लिया गया है।

वर्तमान में बकानी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कस्बे के मध्य में स्थित है। इसकी सीमित जगह और बढ़ती मरीज संख्या के कारण मरीजों और उनके परिजनों को आवाजाही में कठिनाई होती थी। इस समस्या को लेकर आमजन और विभिन्न सामाजिक संगठन लगातार मांग कर रहे थे।

हाल ही में बारां-झालावाड़ लोकसभा सांसद दुष्यंत सिंह की जनसंवाद यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नए और बड़े अस्पताल भवन के लिए भूमि आवंटन की मांग उठाई थी। प्रशासन ने इस मांग पर गंभीरता से विचार किया, जिसके बाद यह समाधान निकला है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश लोधा ने इस भूमि आवंटन को पूरे क्षेत्र के लिए अहम सौगात बताया। उन्होंने इस पहल के लिए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, सांसद दुष्यंत सिंह और पूर्व विधायक नरेंद्र नागर का आभार व्यक्त किया।

नई जगह कोटा-भोपाल रोड पर होने से मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में आसानी होगी। कस्बे के बाहर स्थित होने के कारण ट्रैफिक जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी, जो पहले बाजार में अस्पताल होने के कारण उत्पन्न होती थी। आपातकालीन स्थितियों में एंबुलेंस की आवाजाही भी सुगम हो सकेगी।

स्थानीय निवासियों का मानना है कि नए भवन के निर्माण से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। इस निर्णय को बकानी सहित पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण सुधार के तौर पर देखा जा रहा है।

[post-views]
Share
Now