जम्मू-कश्मीर में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। मौसम विभाग ने पूरे क्षेत्र के लिए अलर्ट जारी किया है, वहीं माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अर्धकुंवारी के पास हुए भूस्खलन में अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है। इस आपदा के चलते उत्तर रेलवे ने जम्मू, कटरा और उधमपुर से आने-जाने वाली 58 ट्रेनों को रद्द कर दिया है और 64 ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया गया है। डोडा जिले में भी चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और कई जगहों पर भूस्खलन से राजमार्ग बाधित हुए हैं। डिप्टी कमिश्नर हरविंदर सिंह ने बताया कि राहत कार्य जारी है और मौसम के साफ होने की उम्मीद है। इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क को बहाल करने की कोशिशें भी तेज़ हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात कर स्थिति की जानकारी दी और प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने पीएम से राहत सहायता का आश्वासन मिलने पर आभार जताया। इस त्रासदी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुख प्रकट किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताया। प्रशासन ने लोगों से जल निकायों से दूर रहने और एहतियात बरतने की अपील की है। स्कूल और कॉलेजों को भी एहतियातन बंद रखने की संभावना है।






