रिपोर्ट अखिलेश गौतम
सीतापुर। 22 सितम्बर को विकास खण्ड महोली स्थित कृषक इण्टर कालेज मैदान में जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 206 जोड़ों का विवाह हिन्दू एवं मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार सम्पन्न कराया गया।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में महोली विधायक शशांक त्रिवेदी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख महोली एवं पिसावां, उपजिलाधिकारी महोली, जिला समाज कल्याण अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी ऐलिया व महोली, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत महोली सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम में ऐलिया विकास खण्ड से 66, महोली से 54, पिसावां से 70, हरगांव से 09 एवं महोली नगर पालिका से 07 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ। इनमें 194 हिन्दू तथा 12 मुस्लिम जोड़े शामिल थे।
योजना के अन्तर्गत प्रत्येक जोड़े को 21 हजार रुपये मूल्य की वैवाहिक सामग्री प्रदान की गयी, जबकि 64 हजार रुपये की धनराशि कन्या के बैंक खाते में अन्तरित की जायेगी। आयोजन व्यवस्था हेतु प्रति जोड़े 15 हजार रुपये व्यय किया गया। इस प्रकार प्रति जोड़े एक लाख रुपये की सहायता शासन द्वारा प्रदान की गयी।









