लोकसभा चुनाव 2024 के लिए एनडीए और I.N.D.I.A ने तैयारियां शुरू कर दी है। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद अयोग्यता पर सुप्रीम कोर्ट से रोक लगने के बाद उनके चुनाव लड़ने पर चर्चा तेज होने लगी है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा था कि राहुल गांधी अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
वही कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा है कि अगर राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ते हैं तो स्मृति ईरानी की जमानत भी जब्त हो जाएगा।अल्वी ने यह भी कहा कि स्मृति शायद अमेठी छोड़ दें, लेकिन मेरी भाजपा से गुजारिश है कि उन्हें भागने न दें।
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ेंगी तो पीएम मोदी वापस गुजरात चले जाएंगे और वाराणसी से वह चुनाव नहीं लड़ेंगे।
2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के राहुल गांधी को 55 हजार से अधिक वोट से हराया था। स्मृति को कुल 4,68,514 वोट मिले। वहीं, राहुल गांधी को 4,13,394 वोट मिले।
वही 2014 में राहुल गांधी इससे कम वोट पाकर भी जीत दर्ज करने में सफल रहे थे। तब उन्हें 4,08,651 वोट मिले थे। जबकि, स्मृति ईरानी को 3,00,748 वोट से संतोष करना पड़ा था।