Home / Events / सीएचसी रामसीन में HPV टीकाकरण कार्यशाला का आयोजन, शुक्रवार से शुरू होगा टीकाकरण अभियान

सीएचसी रामसीन में HPV टीकाकरण कार्यशाला का आयोजन, शुक्रवार से शुरू होगा टीकाकरण अभियान

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसीन में आज HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों को HPV टीकाकरण के महत्व, प्रक्रिया एवं इसके प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में प्रशिक्षित करना रहा।

कार्यशाला में चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम, आशा सहयोगिनियों एवं अन्य स्वास्थ्य कार्मिकों ने भाग लिया। डॉ प्रशांत सैन बीसीएमओ जसवंतपुरा द्वारा बताया गया कि HPV वैक्सीन महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। यह कैंसर महिलाओं में दूसरे सबसे अधिक पाए जाने वाले कैंसरों में से एक है।

कार्यक्रम के दौरान टीकाकरण की रणनीति, लक्षित आयु वर्ग, टीकाकरण की प्रक्रिया तथा जनजागरूकता बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित कार्मिकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लाभार्थियों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।

सीएचसी प्रभारी डॉ गजेंद्र चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि HPV टीकाकरण अभियान आगामी शुक्रवार से प्रारंभ किया जाएगा, जिसके तहत पात्र बालिकाओं/महिलाओं को निःशुल्क टीका लगाया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने आसपास की पात्र बालिकाओं को टीकाकरण हेतु प्रेरित करें।

अंत में सभी प्रतिभागियों ने HPV टीकाकरण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

रिपोर्ट भरत सोलंकी

Tagged:
[post-views]
Share
Now