गोवा से देर रात एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है। उत्तरी गोवा के अर्पोरा गांव स्थित एक नाइटक्लब में सिलिंडर विस्फोट होने से भीषण आग लग गई। इस घटना में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। यह जानकारी गोवा पुलिस के डीजीपी अलोक कुमार ने दी।
सिलेंडर ब्लास्ट बना हादसे की वजहडीजीपी अलोक कुमार के अनुसार रात करीब साढ़े 12 बजे नाइटक्लब के किचन एरिया में गैस सिलेंडर फटने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोग बाहर निकलने का मौका ही नहीं पा सके। अभी तक 14 कर्मचारियों, 4 पर्यटकों और 7 अज्ञात लोगों के शव बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
राहत और बचाव जारी दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास जारी है। घटना स्थल को पूरी तरह सील कर दिया गया है। पुलिस ने कहा कि आग बुझने के बाद मलबे में और लोगों के मिलने की आशंका बनी हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी का शोक, सहायता का ऐलानइस भयावह हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं सभी पीड़ित परिवारों के साथ हैं। प्रधानमंत्री ने गोवा के सीएम प्रमोद सावंत से बात कर राहत कार्यों की जानकारी ली और हर संभव सहायता देने की बात कही।
पीएमओ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार मृतकों के परिवारों को ₹2 लाख की सहायता प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दी जाएगी।घायलों को ₹50 हजार की मदद प्रदान की जाएगी।
सीएम प्रमोद सावंत ने कहा जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होगी”मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में कई नियमों की अनदेखी और अवैध संचालन का संकेत मिला है। सीएम ने कहा कि यह हादसा गोवा जैसे पर्यटन राज्य के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार इसकी उच्च स्तरीय जांच करवाएगी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन लोगों ने सुरक्षा मानकों को दरकिनार किया है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय विधायक माइकल लोबो भी मौके पर पहुंचे और बताया कि राहत कार्य तेज़ी से चल रहा है। अभी तक किसी विदेशी पर्यटक के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।






