Home / News / DJ के सामने दनादन गोलियां, भात समारोह में चाचा-भतीजे को लगी गोली, मौत से मचा हड़कंप….

DJ के सामने दनादन गोलियां, भात समारोह में चाचा-भतीजे को लगी गोली, मौत से मचा हड़कंप….

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां शादी के जश्न के बीच हुई फायरिंग ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। डीजे पर डांस करते समय चली एक गोली ने 11 साल के सोहेल और 17 साल के उसके चाचा शाहरुख की जान ले ली। दोनों अपने फूफा के बेटे की शादी में शामिल होने आए थे।

रविवार को बारात निकलनी थी, लेकिन उससे ठीक पहले शनिवार रात घर में चल रहे भात कार्यक्रम के दौरान हादसा हो गया। दोनों बाहर डीजे पर नाच रहे थे, तभी अचानक गोली चली और दोनों मौके पर ही गिर पड़े। गोली पहले सोहेल की गर्दन को चीरती हुई निकली और फिर शाहरुख के सिर में जा धंसी। डांस फ्लोर पर देखते ही देखते खून फैल गया और वहां भगदड़ मच गई।

परिवार और रिश्तेदार तुरंत दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां सोहेल को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर चोट से जूझ रहे शाहरुख को आगरा रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान गोली चलने की पुष्टि हुई है। किसने फायरिंग की, यह पता लगाने के लिए 3–4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामला नोगांवा थाना क्षेत्र के उभई असदनगर गांव का है। जश्न का माहौल गम में बदल चुका है और गांव में शोक की लहर है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now