चित्रकूट। ग्राम पंचायत अरछा बरेठी, विकास खंड पहाड़ी में पंचायत सहायक अकाउंटेंट-कम-डाटा एंट्री ऑपरेटर की भर्ती में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। एक अभ्यर्थी ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान और उसके प्रतिनिधि ने उच्च मेरिट के बावजूद उसका आवेदन स्वीकार नहीं किया और कम मेरिट वाली अपने सगे संबंधी महिला का चयन कर लिया। मामले की शिकायत जिलाधिकारी को दी गई है।
ग्राम के धनंजय पुत्र देवकुमार ने जिलाधिकारी को भेजे आवेदन में कहा है कि उसने 5 अगस्त 2025 को निर्धारित तिथि के अनुसार भर्ती के लिए अपना आवेदन ग्राम प्रधान अनिल यादव को रिसीव कराकर प्रधान प्रतिनिधि अर्जुन यादव को पंचायत भवन में सौंपा था। धनंजय का दावा है कि उसकी मेरिट अन्य अभ्यर्थियों से अधिक थी, लेकिन प्रधान और उसके प्रतिनिधि ने अपने चचेरे भाई महेंद्र की पत्नी को चयनित करने की मंशा से उसके आवेदन को दरकिनार कर दिया।
अभ्यर्थी के अनुसार चयनित महिला प्रधान के रिश्तेदारों में आती है। जिस महिला को चुना गया है, वह प्रधान प्रतिनिधि के साले की बहन और प्रधान अनिल यादव के चचेरे भाई की गाँव में ही ससुराल बताई जा रही है। अभ्यर्थी का आरोप है कि इसी रिश्तेदारी के आधार पर प्रधान ने योग्यता को नजरअंदाज कर मनमाने तरीके से चयन कर लिया।धनंजय का कहना है कि जब उसने प्रधान और सचिव से अपने आवेदन पर कार्रवाई की जानकारी मांगी, तो उसे यह कहकर टाल दिया गया कि “तुमने आवेदन ही नहीं दिया”। जबकि उसके पास प्रधान द्वारा दी गई रिसीविंग मौजूद है। आरोप है कि सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी मांगने पर भी सचिव की ओर से कोई सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई।अभ्यर्थी ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, उसके आवेदन को वैध मानते हुए मेरिट के आधार पर चयन करने की मांग की है। ग्राम में भर्ती प्रक्रिया को लेकर लोगों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायती पत्र पहुंचने के बाद अब ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है।
रिपोर्ट संजय मिश्रा






