चित्रकूट – जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में जनपद में संचालित होटलों में मिलेट्स से सम्बन्धी खाद्य उत्पाद, अग्निशमन संबंधी व्यवस्थायें/स्वीकृत मानचित्र के अनुसार निर्माण के सम्बन्ध में बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुयी। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यहाँ पर पर्यटन की अपार संभावनायें हैं जनपद में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। जनपद में संचालित होटल में यदि मूलभूत सुविधायें जैसे साफ-सफाई, पीने का पानी पार्किंग आदि की व्यवस्थायें सुदृढ़ की जायें तो न केवल जनपद की अलग पहचान बनायी जा सकती है बल्कि होटल व्यवसायी के रूप में अपनी आय को भी बढ़ाया जा सकता है। जिलाधिकारी ने होटल व्यवसायियों के समक्ष प्रमुख रूप से बुन्देलखण्डी उत्पाद को बढ़ावा देने तथा पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद चित्रकूट में एकरूपता लाने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने सभी होटल व्यवसायिकों से कहा कि अपने शहर की समृद्धि के लिये कार्य करें तथा प्रमुखता से अपने होटल की साफ-सफाई की व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि अपने होटलों में प्लास्टिक की बोतलें रखना बंद करें, उनकी जगह काँच की बोतलों का प्रयोग करें। जिलाधिकारी ने कहा कि यहाँ पर साफ-सफाई की स्थिति अच्छी नहीं है, जिसमें सुधार लाया जाना अतिआवश्यक है। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि अपने होटल परिसर में पार्क झूले आदि लगवाकर पर्यटकों को आकर्षित कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने प्रमुख रूप से इस बात पर बल दिया कि प्लॉस्टिक उत्पादों के प्रयोग को हतोत्साहित करें तथा होटल में उपलब्ध कराये जाने वाली सामग्री जैसे टूथपेस्ट, साबुन आदि के लिये कागज की बनी थैलियों का प्रयोग करें। जिलाधिकारी ने कहा कि समस्त होटल व्यवसायी नगर पालिका से समन्वय रखते हुये सूखा एवं गीला कूड़ा नियमित रूप से डिस्पोज करें। गीले कूडे़ के सम्बन्ध में यह प्रबंधन स्वयं करें कि उसकी खाद बनाकर खेतों या पार्क में प्रयोग करें अथवा इसे बिक्री कर मुनाफा कमा सकते हैं। उन्होंनें कहा कि कोई भी कूड़ा अपने आस-पास की खुली जगह यथा मार्गों अथवा सड़को पर नहीं फेंकेगा।जिलाधिकारी ने कहा कि चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अन्तर्गत स्थित समस्त होटल स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही होटल का संचालन करेंगें। कोई भी होटल अथवा व्यवसायिक प्रतिष्ठान यदि आवासीय मानचित्र स्वीकृत कराकर व्यवसायिक प्रतिष्ठान संचालित कर रहा है, तो उसे दो माह का समय प्रदान किया जा रहा है कि वह अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठान के अनुरूप नियमानुसार मानचित्र संशोधित करा ले, अन्यथा की दशा में उसके विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। जिलाधिकारी द्वारा साथ ही चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अधिकारी/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि समस्त मानचित्र स्वीकृत की कार्यवाही अभियान चलाकर पूर्ण की जाये।जिलाधिकारी ने प्रभारी अग्निशमन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि समस्त होटलों में फायर के इक्विपमेंट्स अनिवार्य रूप से लगे होने चाहिये, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी को निर्देशित किया कि अग्निशमन संयंत्रों का समय-समय पर निरीक्षण कर होटल व्यवसायियों को फायर इक्विपमेंट्स चलाने तथा मॉक ड्रिल आदि कराये जाने का प्रबंधन करना सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने बैठक मे उपस्थित मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि समस्त होटल में खाद्य सुरक्षा के मानक के अनुरूप ही खाद्य पदार्थ उपलब्ध हों, इसका समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थायें सुनिश्चित करायें तथा मिलेट्स उत्पाद को बढ़ावा देने हेतु अपने स्तर से प्रभावी कार्यवाही हेतु कार्ययोजना तैयार करें।जिलाधिकारी द्वारा चित्रकूट क्षेत्र विकास प्राधिकरण के सचिव को निर्देशित किया गया कि समस्त होटल संचालकों का एक व्हाट्सऐप्प गु्रप बनाया जाये। जिससे समय-समय पर शासन के निर्देशों को उन तक पहुँचाने तथा होटल व्यवसायियों के सुझावों का ससमय संज्ञान लिया जा सके।जिलाधिकारी ने सभी होटल व्यवसायिकों से कहा कि जनपद चित्रकूट की अपनी एक अलग पहचान होनी चाहिये। समस्त होटल व्यवसायी इस परम्परा को अपनाते हुये अपने-अपने होटल परिसर में स्थानीय कलाकृतियों को प्रदर्शित करंेगें। सम्पूर्ण रामघाट में स्थित होटल/व्यवसायिक प्रतिष्ठान के निर्माण में एकरूपता बनायी जाये, जिससे जनपद चित्रकूट की एक अलग पहचान बन सके। जिलाधिकारी ने सचिव, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया कि रामघाट पर निर्मित होटल इन, जो शीशे से निर्मित है, को नोटिस निर्गत करते हुये नियमानुसार कार्यवाही कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने समस्त होटल व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से कहा कि बुन्देेलखण्ड कृषि से सम्बन्धित मिलेट्स उत्पाद (ज्वार, बाजरा, साँवा, रागी, कोदौं आदि) को प्रोत्साहित करेंगें, जिससे जनपद के स्थानीय किसानों की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। उन्होनें कहा कि समस्त होटल व्यवसायी अपने मीनू में मिलेट्स संबंधी उत्पाद अनिवार्य रूप से शामिल करेंगें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आगामी दिवसों में मिलेट महोत्सव कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें होटल व्यवसायियों के मीनू को लाँच किया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद के अन्तर्गत सभी व्यवसायी अपने रिसेप्शन पर जनपद की बनी हुयी वस्तु रखेंगें। जिलाधिकारी द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि समस्त शासकीय कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि को उपहार स्वरूप ओडीओपी से सम्बन्धी उत्पाद ही स्वागत समारोह में भेंट किये जायेंगें। समस्त होटल व्यवसायी अपने प्रतिष्ठानों में क्यू आर कोड का डिस्प्ले अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें।आगामी दिवसों में जनपद चित्रकूट में संचालित होटल व्यवसायियों के मध्य स्वच्छता प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा तथा स्वच्छता मानक को पूर्ण करने वाले प्रथम तीन होटल प्रतिष्ठान को पुरस्कृत भी किया जायेगा। इस अवसर पर सचिव विशेष क्षेत्र विकास अजय यादव, कृषि उप निदेशक राजकुमार सहित होटल व्यवसाई उपस्थित थे।
रिपोर्ट संजय मिश्रा






