मऊ जिले के घोसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात एक डॉक्टर के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्वास्थ्यकर्मियों में रोष व्याप्त है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस को सौंपी गई तहरीर के अनुसार, गाजीपुर जिले के बड़ेसर थाना क्षेत्र के अलावलपुर अफगो निवासी डॉ. हरीशचंद्र जायसवाल घोसी सीएचसी के एनसीडी क्लीनिक में तैनात हैं। डॉ. जायसवाल का आरोप है कि घोसी कोतवाली क्षेत्र के केरमा महरुपुर गांव निवासी एक युवक उनके चेंबर में पहुंचा और उन्हें एक राजनीतिक संगठन से जुड़ने का अनुरोध किया।
डॉक्टर का आरोप है कि जब उन्होंने उक्त प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया, तो युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद डॉ. हरीशचंद्र जायसवाल ने सीएचसी प्रभारी डॉ. पंकज को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद डॉ. सूरज प्रसाद, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. जेएस चौधरी, सदानंद चौधरी, मुहम्मद साबिर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने घोसी कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर सौंपी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले को लेकर घोसी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, जबकि स्वास्थ्यकर्मियों ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग उठाई है।






