Home / News / विज्ञान मेला का उद्घाटन गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज बांका में

विज्ञान मेला का उद्घाटन गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज बांका में

जिला स्तरीय युवा उत्सव के इनोवेशन ट्रैक के अंतर्गत आज बांका जिले के गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज में विज्ञान मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के छात्रों एवं युवाओं ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और रचनात्मकता से परिपूर्ण विविध प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विज्ञान मेले का उद्घाटन उपेन्द्र सिंह, उप विकास आयुक्त, बांका द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
उद्घाटन के पश्चात अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार वैश्विक विकास की आधारशिला हैं। ऐसे आयोजनों से छात्रों में शोध प्रवृत्ति, तार्किक सोच और समस्या-समाधान क्षमता का विकास होता है। उन्होंने यह भी कहा कि युवा वर्ग की ऊर्जा ही देश के वैज्ञानिक भविष्य को नई दिशा प्रदान कर सकती है। उन्होंने प्रतिभागियों को निरंतर सीखने, प्रयोग करने और अपनी जिज्ञासा को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
प्रीति कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने बताया कि इस विज्ञान मेले में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिभा की कमी नहीं है और ऐसे मंच युवाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विज्ञान का उद्देश्य केवल सिद्धांतों का अध्ययन नहीं, बल्कि समाज के लिए उपयोगी समाधान विकसित करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके प्रयासों के लिए सराहते हुए भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में प्रदर्शित मॉडलों में पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, रोबोटिक्स, अक्षय ऊर्जा, स्वास्थ्य तकनीक, कृषि नवाचार आदि विषयों पर आधारित प्रोजेक्ट विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। आगंतुकों ने भी छात्रों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन विजेताओं को सम्मानित कर तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरण के साथ किया गया। मनोरंजन प्रसाद,ब्यूरो चीफ, बांका।

Tagged:
[post-views]
Share
Now