हरिद्वार ब्लाइंड मर्डर केस का 48 घंटे में खुलासा, मामूली विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या
Haridwar के भगवानपुर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। सहारनपुर से काम की तलाश में आए युवक कलीम की होटल में खाने के दौरान हुए विवाद के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक 17 मई 2026 को बहबलपुर से लव्वा गांव जाने वाले रास्ते पर नदी किनारे एक युवक का लहूलुहान शव मिला था। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे और पहचान न होने के कारण मामला पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। भगवानपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की।
जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को एक संदिग्ध काली क्रेटा कार की जानकारी मिली। इसके बाद पूरी वारदात की परतें खुलती चली गईं। मृतक कलीम और उसका भाई कामिल सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र के रहने वाले थे और भगवानपुर में किराये पर रहकर काम की तलाश कर रहे थे। घटना वाली रात दोनों ‘धरोहर होटल’ में खाना खाने पहुंचे थे, जहां किसी बात को लेकर होटल संचालकों से विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। कामिल किसी तरह मौके से भाग निकला, लेकिन कलीम आरोपियों के कब्जे में फंस गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने उसे लात-घूंसों और डंडों से तब तक पीटा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हर्ष और अंकित चौहान ने धरोहर होटल लीज पर लिया हुआ था। कलीम की मौत के बाद आरोपी घबरा गए और शव को काली क्रेटा कार की डिग्गी में डालकर लव्वा गांव के पास नदी किनारे फेंक दिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कई बीटेक और बी.फार्मा जैसी प्रोफेशनल डिग्री हासिल कर चुके युवक शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी
सौरभ चौहान निवासी खुब्बनपुर, भगवानपुर
अंकित कुमार निवासी खुब्बनपुर, भगवानपुर
हर्ष चौहान निवासी खुब्बनपुर, भगवानपुर
अनमोल सैनी निवासी सलेमपुर राजपुताना
विशाल सैनी निवासी गागलहेड़ी, सहारनपुर
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडे, मृतक का मोबाइल फोन, काली क्रेटा कार और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद कर लिया है।
इस पूरे मामले का खुलासा कप्तान नवनीत सिंह के नेतृत्व में भगवानपुर पुलिस और सीआईयू टीम ने किया







