यूपी के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाले मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के दोषी अमित रैकवार को कोर्ट ने मौत की सजा सुनाई है। बांदा की विशेष अदालत ने अपने फैसले में कहा कि आरोपी को तब तक फांसी पर लटकाया जाए, जब तक उसकी मृत्यु न हो जाए। कोर्ट ने माना कि यह अपराध न केवल अमानवीय है, बल्कि समाज की आत्मा को झकझोर देने वाला भी है। यह वारदात जुलाई 2025 में सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से जांच पूरी की और मजबूत साक्ष्यों के साथ चार्जशीट दाखिल की। इसके बाद अदालत में रोजाना सुनवाई हुई, जिसके चलते महज पांच महीने के भीतर फैसला आ गया। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि ऐसे अपराधों के खिलाफ कड़ा संदेश देना जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न करे।






