Home / News / देहरादून के निजी अस्पताल की घोर लापरवाही! ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में छोड़ी कॉटन पट्टी, मौत के बाद हंगामा….

देहरादून के निजी अस्पताल की घोर लापरवाही! ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में छोड़ी कॉटन पट्टी, मौत के बाद हंगामा….

देहरादून। राजधानी देहरादून के आराघर स्थित मदर केयर नामक निजी अस्पताल की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय ज्योति नाम की महिला की जनवरी माह में इसी अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी हुई थी, जिसमें उसने एक बेटे को जन्म दिया था।

डिलीवरी के कुछ दिनों बाद महिला को लगातार पेट दर्द की शिकायत रहने लगी। परिजनों ने जब उसे पुनः अस्पताल में भर्ती कराया तो वहां इलाज में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे झाझरा स्थित एक अन्य निजी अस्पताल में दिखाया गया, जहां सीटी स्कैन रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने महिला के पेट में कॉटन पट्टी (गॉज पीस) छोड़ दी थी।

इस लापरवाही के कारण महिला के पेट में गंभीर संक्रमण (इंफेक्शन) फैल गया, और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर जोरदार हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।

सीएमओ डॉक्टर मनोज शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है और अस्पताल का लाइसेंस अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि —

“यदि चिकित्सीय लापरवाही की पुष्टि होती है, तो संबंधित डॉक्टरों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

इंस्पेक्टर डालनवाला मनोज मनवाल ने बताया कि मृतका के परिजनों से सभी मेडिकल रिपोर्ट मांगी गई हैं। जांच रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को सौंपी जाएगी, जिसके बाद आगे की विधि कार्यवाही की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा

Tagged:
[post-views]
Share
Now