Home / News / समस्तीपुर रेल मंडल में राजभाषा पखवाड़े का भव्य समापन, विजेताओं को किया गया सम्मानित

समस्तीपुर रेल मंडल में राजभाषा पखवाड़े का भव्य समापन, विजेताओं को किया गया सम्मानित

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

समस्तीपुर । पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल में 10 से 28 सितंबर तक आयोजित राजभाषा पखवाड़े का सोमवार को विधिवत समापन हुआ। मंडल कार्यालय सभागार में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने की। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता रेलकर्मियों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने कार्यालयीन कामकाज में सरल, सहज और मानक हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हिंदी राजभाषा होने के साथ-साथ जन-संवाद और प्रशासनिक दक्षता को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से दैनिक सरकारी कार्यों, पत्राचार तथा ई-ऑफिस प्रणाली में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में कंप्यूटर और विभिन्न सॉफ्टवेयर के माध्यम से हिंदी में काम करना काफी आसान हो गया है। ऐसे में कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

राजभाषा पखवाड़े के दौरान रेलकर्मियों में हिंदी के प्रति रुचि एवं भाषाई दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें हिंदी निबंध प्रतियोगिता, हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता, हिंदी भाषण प्रतियोगिता और राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। समापन समारोह में इन प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान राजभाषा विभाग की ओर से तैयार विशेष लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। फिल्म के माध्यम से कार्यालयीन प्रशासनिक कार्यों, तकनीकी प्रक्रियाओं और पत्राचार में हिंदी के सहज प्रयोग को प्रदर्शित किया गया। साथ ही राजभाषा नियमों के अनुपालन और कार्यस्थल पर हिंदी के महत्व को भी व्यवहारिक तरीके से प्रस्तुत किया गया।

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ शाखा अधिकारी, राजभाषा अधिकारी सहित बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में राजभाषा विभाग ने पखवाड़े के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी विभागों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now