लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों की सुविधा के लिए तीन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ा दी है। रेलवे के अनुसार, विस्तारित अवधि में इन ट्रेनों का संचालन पूर्व निर्धारित ठहराव, समय-सारणी, मार्ग और कोच संयोजन के अनुसार ही किया जाएगा।
पाटलिपुत्र–पूर्णिया कोर्ट स्पेशल गाड़ी संख्या 03216 पाटलिपुत्र जंक्शन से पूर्णिया कोर्ट के बीच सप्ताह में पांच दिन चलेगी। बुधवार और शनिवार को इसका परिचालन नहीं होगा। पूर्व निर्धारित अंतिम तिथि 16 अक्टूबर के बाद अब यह ट्रेन 18 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक कुल 32 फेरों के लिए चलेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03215 पूर्णिया कोर्ट से पाटलिपुत्र जंक्शन के बीच गुरुवार और रविवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन चलेगी। यह ट्रेन 19 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक कुल 32 फेरों के लिए संचालित होगी। इस ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे।
रक्सौल–नरकटियागंज स्पेशल गाड़ी संख्या 05543/05544 का परिचालन भी बढ़ाया गया है। रक्सौल से नरकटियागंज और नरकटियागंज से रक्सौल के बीच यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को चलेगी। पूर्व निर्धारित अंतिम तिथि 26 सितंबर के बाद अब इसका परिचालन 1 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक कुल 18 फेरों के लिए होगा। ट्रेन में कुल 18 एलएचबी कोच होंगे।
इसी तरह पटना–इस्लामपुर स्पेशल गाड़ी संख्या 03297/03298 के परिचालन की अवधि भी बढ़ाई गई है। गाड़ी संख्या 03297 पटना जंक्शन से इस्लामपुर के बीच प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को चलेगी। पूर्व निर्धारित अंतिम तिथि 29 सितंबर के बाद अब यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक कुल 26 फेरों के लिए चलेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03298 इस्लामपुर से पटना के बीच प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। इसका परिचालन 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक कुल 26 फेरों के लिए होगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान बढ़ाई गई इन स्पेशल ट्रेनों की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।






