Home / News / चिर्रा में सुशासन तिहार का समापन: 481 आवेदन पहुंचे, ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ”

चिर्रा में सुशासन तिहार का समापन: 481 आवेदन पहुंचे, ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ”

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
कोरबा// जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत सुशासन तिहार 2026 के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत चिर्रा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। यह जनपद कोरबा क्षेत्र में आयोजित शिविरों की श्रृंखला का अंतिम शिविर रहा, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी मांगें का आवेदन प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना और माल्यार्पण के साथ हुआ। जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश कुमार निर्मलकर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सुशासन तिहार के उद्देश्य, शासन की “संवाद से समाधान” अवधारणा तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

सीईओ ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले के जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गतशं 7 हजार से अधिक आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। वहीं आवास प्लस 2.0 के तहत नए आवेदनों का जियो-टैगिंग कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अब आवास की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। साथ ही वर्ष 2025-26 में स्वीकृत आवासों को तीन माह के भीतर पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को मनरेगा मजदूरी का लाभ भी समय पर मिलेगा।

शौचालय निर्माण के संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि एक ही परिवार में पहले से स्वीकृत शौचालय होने पर दोबारा लाभ नहीं दिया जाएगा। वहीं पेंशन योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को आवेदन करने की अपील की गई।

शिविर में 481 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान किया गया। वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष बिजमोती राठिया, विधायक प्रतिनिधि मानसिंह राठिया सहित क्लस्टर की सभी ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

शिविर में पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, आवास की चाबी, प्रशस्ति पत्र, लखपति दीदी सम्मान पत्र, सिंचाई हेतु मोटर पंप इत्यादि वितरित किए गए।

शिविर के दौरान टीबी मुक्त घोषित सभी ग्राम पंचायतों को महात्मा गांधी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा टीबी उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर के समापन अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा ग्रामीणों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। जनपद कोरबा के अंतर्गत 6 ग्राम पंचायतों के क्लस्टर में आयोजित सुशासन तिहार शिविरों का अब समापन हो चुका है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि शिविरों में दर्ज उनकी मांगों और शिकायतों का शीघ्र निराकरण कर शासन-प्रशासन उन्हें राहत प्रदान करेगा।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now