उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सीओ सदर और उनके पति के बीच घरेलू विवाद ने सबको हैरान कर दिया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर में सहायक प्रोफेसर डॉ. सत्यम ने अपनी पत्नी, सीओ आस्था जायसवाल, पर धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी और बेटे के जन्म के बाद पत्नी उनसे अलग रह रही हैं और बातचीत की कोशिश करने पर उन्हें जेल भेजने की चेतावनी देती हैं। डॉ. सत्यम का यह भी आरोप है कि उनके बेटे का सरनेम बिना अनुमति के बदल दिया गया है।
डॉ. सत्यम के मुताबिक, उन्होंने मार्च 2025 में तलाक का आवेदन दिया था, लेकिन पत्नी न तो साथ आने को तैयार हैं और न ही तलाक देने को। वहीं, पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार का कहना है कि यह दोनों के बीच का निजी मामला है, और चूंकि कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, इसलिए फिलहाल इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती।






