2024 के लोकसभा चुनावों से पहले देश के 26 विपक्षी दलों ने भाजपा नीती एनडीए को चुनौती देने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी पर रणनीति बनाने के लिए इन दलों द्वारा बंगलूरू में दो दिवसीय बैठक आयोजित की गई। इस जमावड़े की सबसे बड़ी हाइलाइट गठबंधन का नया नाम ‘INDIA’ रहा।
बीते दिन सोमवार और मंगलवार को बंगलूरू में हुई बैठक में विपक्षी दलों के महागठबंधन को नया नाम मिल गया। इसे अब INDIA यानी इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस के नाम से जाना जाएगा। हिंदी में इसे भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन नाम दिया गया है।
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान खरगे ने कहा, ‘हर कोई गठबंधन के लिए एक नाम रखने पर सहमत हुआ है। पहले हमें यूपीए (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) कहा जाता था। अब हमें भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (इंडिया) कहा जाएगा।’
नाम पर भाजपा ने क्या कहा–
विपक्षी दलों के गठबंधन के नए नाम ‘INDIA’ पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कटाक्ष किया। उन्होंने दावा किया कि अंग्रेजों ने देश का नाम ‘इंडिया’ रखा था। हमें औपनिवेशिक विरासतों से राष्ट्र को मुक्त करने के लिए लड़ना चाहिए।
वहीं भाजपा ने एक ट्वीट किया, ‘जिस ‘INDIA’ को दुनियाभर में बदनाम करते फिरते हैं, अपने अस्तित्व और परिवारों को बचाने के लिए उसके नाम का ही सहारा लेना पड़ा।’