Home / News / जन संवाद में डीएम ने सुनीं आमजनों की समस्याएं

जन संवाद में डीएम ने सुनीं आमजनों की समस्याएं

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

समस्तीपुर। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में सोमवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं, शिकायतों और मांगों से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।

जन संवाद के दौरान भूमि एवं राजस्व, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, बिजली, सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों से जुड़े मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से मामलों की जानकारी लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की गंभीरता से समीक्षा कर निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से समस्याओं का निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निपटारे में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला या प्रखंड स्तर पर संभव है, उनका शीघ्र निष्पादन किया जाए। वहीं, जिन मामलों में स्थल जांच, विभागीय समन्वय या अन्य प्रक्रिया की आवश्यकता है, उनमें भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए।

जिलाधिकारी ने शिकायतों के निष्पादन की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण करने तथा कार्रवाई पूरी होने के बाद संबंधित आवेदक को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।

मौके पर अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, राजस्व प्रभारी धर्मराज, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा साक्षी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now